home page

नेपाल में गौहाटी विश्वविद्यालय की सेवानिवृत्त प्रोफेसर और उनके पति लापता

 | 
नेपाल में गौहाटी विश्वविद्यालय की सेवानिवृत्त प्रोफेसर और उनके पति लापता


गुवाहाटी, 29 अगस्त (हि.स.)। नेपाल में आज जल प्रलय में गौहाटी विश्वविद्यालय के भौतिकी विभाग की सेवानिवृत्त प्रोफेसर डॉ. दिपाली सरकार और उनके पति मानस घोष के लापता होने से गहरी चिंता फैल गई है।

शहर के जालुकबारी लंकेश्वर इलाके के बसेरा रेजिडेंसी में रहने वाले इस दंपती से 20 अगस्त के बाद से परिवार के सदस्यों, दोस्तों और सहपाठियों का कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, डॉ. दिपाली सरकार और उनके पति कोलकाता के एक टूर एंड ट्रैवल ग्रुप के माध्यम से 32 सदस्यीय दल के साथ नेपाल के रास्ते तिब्बत स्थित कैलाश-मानसरोवर की यात्रा पर निकले थे। हावड़ा की एक ट्रैवल एजेंसी के जरिए उनकी इस यात्रा की योजना बनाई गई थी। वे 20 अगस्त तक दिल्ली में थे और वहीं से अपनी यात्रा के लिए रवाना हुए थे। काठमांडू पहुंचने के दौरान उनकी परिवार से बात हुई थी, लेकिन उसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

उसी अपार्टमेंट में रहने वाली उनकी सहेली कुंतला पात्र ने बताया कि डॉ. दिपाली सरकार की बेटी वर्तमान में दिल्ली के आल इंडिया इंस्टिट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंस में चिकित्साविज्ञान की पढ़ाई कर रही हैं। दंपती के लापता होने की खबर फैलते ही पड़ोसियों और स्थानीय निवासियों में भी चिंता बढ़ गई है।

परिवार और दोस्तों को आशंका है कि नेपाल में हाल ही में आई बाढ़ और जलभराव के कारण वे कहीं फंस गए हो सकते हैं। उन्हें सुरक्षित वापस लाने के लिए असम सरकार और भारत सरकार से तत्काल कदम उठाने की अपील की गई है।

डॉ. दिपाली सरकार ने वर्ष 2025 में गौहाटी विश्वविद्यालय के भौतिकी विभाग के प्रोफेसर पद से सेवानिवृत्ति ली थी। उनके लापता होने की इस घटना से पूरे इलाके में शोक और चिंता का माहौल है।

इस बीच, नेपाल पर्यटन बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, नेपाल में अभी भी कुल 178 भारतीय नागरिकों के लापता होने की खबर है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर