देशसेवा के 28 वर्षों बाद घर लौटे सेना के जवान शिवप्रसाद राय का भव्य स्वागत
कोकराझार (असम), 01 नवम्बर (हि.स.)। भारतीय सेना में 28 वर्षों तक देश की सेवा करने के बाद सेवानिवृत्त होकर अपने घर लौटे डियाझिजिरी गांव के सेना जवान सूबेदार शिवप्रसाद राय का कोकराझार रेलवे स्टेशन पर आज भव्य एवं भावुक स्वागत किया गया। उनके स्वागत के लिए रेलवे स्टेशन पर बड़ी संख्या में परिजन, मित्र, शुभचिंतक और स्थानीय लोग एकत्रित हुए।
रेलवे स्टेशन पर पहुंचते ही सूबेदार शिवप्रसाद राय का बैंड बाजा की धुनों के बीच गमछा पहनाकर तथा फूल-मालां से स्वागत किया गया। इस दौरान पूरा रेलवे स्टेशन देशभक्ति और उत्साह के माहौल से डूबा रहा। लंबे समय बाद अपने क्षेत्र में लौटे सेना के जवान को देखकर परिजनों और ग्रामीणों में खुशी एवं गर्व का माहौल देखने को मिला।
उल्लेखनीय है कि शिवप्रसाद राय ने 25 अक्टूबर, 1998 को भारतीय सेना में भर्ती होकर देशसेवा का सफर शुरू किया था। इसके बाद उन्होंने अपने 28 वर्षों के सेवाकाल में पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ देश की सुरक्षा का दायित्व निभाया। सेना में अपने लंबे कार्यकाल के दौरान विभिन्न चुनौतियों और कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए उन्होंने राष्ट्रसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखी।
सेना से सेवानिवृत्ति के बाद अपने गृह क्षेत्र लौटने पर स्थानीय लोगों ने उनके योगदान को सम्मानित करते हुए इस विशेष अवसर को यादगार बना दिया। क्षेत्रवासियों ने कहा कि देश की सुरक्षा में 28 वर्षों तक योगदान देने वाले शिवप्रसाद राय की सेवा और समर्पण पूरे इलाके के लिए गर्व की बात है।
देशसेवा के गौरवशाली अध्याय को पूरा कर घर लौटे सूबेदार शिवप्रसाद राय के स्वागत का यह दृश्य न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए भावुकता और गौरव का क्षण बन गया। स्थानीय लोगों ने उनके सुखद, स्वस्थ और शांतिपूर्ण सेवानिवृत्त जीवन की कामना की।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

