home page

असम में कांग्रेस और एजेपी में इस्तीफों की लहर

 | 

लखीमपुर (असम), 22 मार्च (हि.स.)। असम में आसन्न विधानसभा चुनाव से पहले विपक्षी दलों में अंदरूनी असंतोष खुलकर सामने आ रहा है। कांग्रेस और असम जातीय परिषद (एजेपी) दोनों ही दलों में इस्तीफों की लहर देखने को मिल रही है।

इसी कड़ी में एजेपी के केंद्रीय समिति के सचिव अच्युत सैकिया ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है, जिससे पार्टी के भीतर हलचल तेज हो गई है। अपने इस्तीफे की घोषणा करते हुए सैकिया ने एजेपी के अध्यक्ष लुरिनज्योति गोगोई पर निशाना साधते हुए उन्हें “सिर्फ भाषण देने वाला नेता” करार दिया।

सैकिया के साथ ही बिहपुरिया विधानसभा क्षेत्र के कई एजेपी नेता और कार्यकर्ताओं ने भी पार्टी छोड़ दी है, जिससे जमीनी स्तर पर असंतोष का संकेत मिल रहा है।

वहीं राज्य के विभिन्न जिलों में कांग्रेस के नेता एक के बाद एक इस्तीफा दे रहे हैं। चुनाव से ठीक पहले हो रहे इन इस्तीफों को विपक्षी दलों के लिए झटका माना जा रहा है, जिसका असर उनके संगठन और चुनावी प्रदर्शन पर पड़ सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश