गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी में 108 स्तूपों की स्थापना के आयोजन की सुरक्षा पर भारत-भूटान के अधिकारियों की बैठक संपन्न
कोकराझार (असम), 25 अक्टूबर (हि.स.)। गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी में 108 स्तूपों की स्थापना के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था और आवागमन को सुचारु बनाए रखने के लिए कोकराझार एवं चिरांग जिला प्रशासन के अधिकारियों ने पड़ोसी देश भूटान के गृह मंत्रालय के विधि एवं व्यवस्था विभाग के महानिदेशक पासांग दोर्जी के साथ आज बैठक की।
बैठक में कोकराझार के जिला आयुक्त पंकज चक्रवर्ती, बीटीएडी के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) तथा कोकराझार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सहित अन्य संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी में 108 स्तूपों की स्थापना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में चर्चा को पड़ोसी जिले चिरांग तक विस्तारित किया गया, जिसमें चिरांग के जिला आयुक्त और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भी शामिल हुए। अधिकारियों ने प्रस्तावित आयोजन के दौरान दोनों जिलों से होकर गुजरने वाले भूटानी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा उनके आवागमन को सुचारु बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया।
उल्लेखनीय है कि इस आयोजन के लिए बड़ी संख्या में भूटानी नागरिकों के इन जिलों से होकर यात्रा करने की संभावना है। ऐसे में संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के बीच समन्वय, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

