(अपडेट) असम में बारिश का कहर, कछार में निर्माणाधीन पुल टूटा, हैलाकांदी में आरसीसी पुल ध्वस्त
गुवाहाटी, 16 मई (हि.स.)। असम में बीते 72 घंटे से लगातार हो रही भारी बारिश और तूफान ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। खासकर बराक घाटी में बारिश ने व्यापक तबाही मचाई है। लगातार वर्षा के चलते कई इलाकों में जलस्तर बढ़ गया है तथा सड़क एवं पुलों को भारी नुकसान पहुंचा है।
कछार जिले की बरखला नदी पर निर्माणाधीन एक पुल का हिस्सा अचानक टूटकर नदी में समा गया। यह पुल पुरंदरपुर और बदरपुर को जोड़ने के लिए बनाया जा रहा था। बताया गया है कि लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से इस पुल का निर्माण किया गया था। लगातार बारिश और तेज बहाव के कारण पुल का एक बड़ा हिस्सा ढह गया, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है।
वहीं, पड़ोसी हैलाकांदी जिले में भी प्रकृति का रौद्र रूप देखने को मिला। लगातार मूसलाधार बारिश के कारण पांचग्राम और मुकाम कुटी को जोड़ने वाला आरसीसी पुल भरभराकर टूट गया। पुल ध्वस्त होने के बाद दोनों क्षेत्रों के बीच संपर्क पूरी तरह से कट गया है।
सूत्रों के अनुसार कई दिनों से जारी धारा प्रवाह बारिश के कारण नदियों और जलधाराओं का जलस्तर लगातार बढ़ रहा था। अत्यधिक दबाव के चलते पुल अचानक टूट गया। इस मार्ग पर निर्भर कई गांवों के हजारों लोगों की आवाजाही प्रभावित हो गई है। ग्रामीणों को अब आवागमन के लिए भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। दैनिक जरूरतों की आपूर्ति और आपातकालीन सेवाओं पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए रखी है। प्रभावित क्षेत्रों में वैकल्पिक संपर्क व्यवस्था बहाल करने तथा नुकसान का आकलन करने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

