home page

रीथ कला संगम ने गुवाहाटी में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती मनाई

 | 
रीथ कला संगम ने गुवाहाटी में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती मनाई


गुवाहाटी 20 नवंबर (हि.स.)। रीथ कला संगम, हैदराबाद ने भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से गुवाहाटी स्थित डॉ. बानीकांत काकती कलाक्षेत्र में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर दो दिवसीय स्मृति संगोष्ठी एवं सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन किया। डॉ. मुखर्जी एक प्रख्यात शिक्षाविद्, राजनेता तथा राष्ट्रीय एकता के प्रबल समर्थक थे। कार्यक्रम का आज समापन हुआ।

दो दिवसीय कार्यक्रम में विद्वानों, कलाकारों, विद्यार्थियों तथा सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भाग लिया। इस दौरान संगोष्ठी, चित्रकला प्रतियोगिता, पुरस्कार वितरण तथा भारत की समृद्ध शास्त्रीय और लोक कला परंपराओं पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से डॉ. मुखर्जी के जीवन, आदर्शों और योगदान को याद किया गया। विजेताओं को आज सम्मानित भी किया गया।

उद्घाटन समारोह में लोकसभा सांसद कृपानाथ मल्लाह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. विजय कुमार गुप्ता, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश सचिव बिस्वजीत माली, वरिष्ठ सर्जन डॉ. अशोक गुप्ता तथा भाजपा नेता सलमान हिंद सहित कई गणमान्य व्यक्ति कार्यक्रम में शामिल हुए।

समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर रीथ कला संगम के महासचिव पी. पट्टनायक, राजश्री पट्टनायक तथा डॉ. सुभाश्री पट्टनायक मौजूद थे। इस दौरान स्वागत भाषण, अतिथियों का सम्मान तथा स्मृति संगोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें डॉ. मुखर्जी के शिक्षा, राष्ट्र निर्माण और राष्ट्रीय एकता के क्षेत्र में योगदान पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम के तहत आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में युवाओं को डॉ. मुखर्जी के विचारों और योगदान से परिचित होने का अवसर मिला। प्रतियोगिता के विजेताओं को बाद में सम्मानित कर पुरस्कार प्रदान किए गए।

सांस्कृतिक महोत्सव कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा, जिसमें भारत की विविध नृत्य एवं संगीत परंपराओं का प्रदर्शन किया गया। प्रसिद्ध ओडिसी नृत्यांगना डॉ. सुभाश्री पट्टनायक ने एकल नृत्य प्रस्तुति दी। वहीं उषारानी एवं समूह, नर्तनलया कला केंद्र तथा उपासना मोहंता एवं समूह ने सत्रिया नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।

विजय श्रीवास्तव एवं समूह ने कथक प्रस्तुत किया, जबकि उपासना मोहंता एवं समूह ने भरतनाट्यम की प्रस्तुति दी। असम की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाते हुए बंदना काकती एवं समूह, नृत्य कला परिषद तथा प्रतीक्षा रानी बोरा एवं समूह ने बिहू और अन्य लोक नृत्य प्रस्तुत किए।

जगत चंद्र बरिक एवं समूह की गायन प्रस्तुति ने भी दर्शकों का मनोरंजन किया, जबकि कोंकण तेंदुलकर ने मुकाभिनय (माइम) प्रस्तुत कर कार्यक्रम में एक अलग कलात्मक आयाम जोड़ा।

इस अवसर पर पी. पट्टनायक और राजश्री पट्टनायक ने कहा कि इस दो दिवसीय आयोजन का उद्देश्य डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रीय एकता के विचारों को सम्मानित करने के साथ भारत की विविध सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि चित्रकला प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को जोड़ना तथा विभिन्न शास्त्रीय एवं लोक कला परंपराओं के कलाकारों को एक मंच पर लाना 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की भावना को प्रतिबिंबित करता है।

आयोजकों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग के लिए भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय, कलाकारों, विद्वानों तथा उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश