बाइक की टक्कर से बटद्रवा थान के भकत की मौत
नगांव (असम), 28 अप्रैल (हि.स.)। नगांव जिले के बटद्रवा थान (महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव का जन्मस्थान) से जुड़े एक भकत की लापरवाह बाइक चालक की टक्कर में गंभीर रूप से घायल होने के बाद मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रिय राम बरुवा के रूप में हुई है, जो थान के नियमित भक्त और नाम-प्रसंग में सक्रिय भागीदार थे।
जानकारी के अनुसार, 15 अप्रैल (रंगाली बिहू/मानुह बिहू) के दिन प्रिय राम बरुवा थान से दैनिक धार्मिक कार्यक्रम में भाग लेकर लौट रहे थे। अपने घर के प्रवेश द्वार पर पहुंचते ही दोपहर के समय तेज रफ्तार से आ रही एएस-02-एएक्स-2831 नंबर की पल्सर बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
इस हादसे में उनके कमर और पैर में गंभीर चोटें आईं। परिजनों ने तत्काल उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के बावजूद बीती देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली।
प्रिय राम बरुवा के निधन से बटद्रवा थान क्षेत्र में शोक की लहर है। थान प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अम्लान ज्योति देव गोस्वामी, उपाध्यक्ष योगेंद्र नारायण देव महंत, कार्यकारी अध्यक्ष गोबिन चंद्र दास तथा महासचिव लाचित बरदलै सहित अन्य श्रद्धालुओं और आईमातृ (बुजुर्ग महिला) समाज ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
उल्लेखनीय है कि बटद्रवा थान से जुड़े मार्गों पर कुछ लापरवाह बाइक चालकों की तेज रफ्तार के कारण पिछले कुछ वर्षों में कई श्रद्धालु घायल हो चुके हैं, जबकि कुछ को अपनी जान भी गंवानी पड़ी है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

