कछार कांग्रेस में बगावत : मोटी रकम लेकर टिकट देने का आरोप
कछार (असम), 05 मार्च (हि.स.)। कांग्रेस की पहली प्रत्याशी सूची जारी होने के बाद कछार जिला कांग्रेस में असंतोष खुलकर सामने आ गया है। पार्टी के एक वर्ग के वरिष्ठ नेताओं ने उम्मीदवार चयन को लेकर तीखी नाराजगी व्यक्त की है।
बरखोला विधानसभा क्षेत्र से टिकट से वंचित वरिष्ठ कांग्रेसी नेता जहिरुल इस्लाम बरभुइयां उर्फ ज्वेल ने कांग्रेस हाईकमान पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि लंबे समय से पार्टी के लिए काम कर रहे वरिष्ठ नेताओं की अनदेखी कर हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए डॉ. अमित कुमार कलवार को कथित रूप से मोटी रकम लेकर टिकट दिया गया है।
बरखोला से डॉ. अमित कुमार कलवार को उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद जहिरुल इस्लाम बरभुइयां ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने आगामी चुनाव में बरखोला सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरने का निर्णय लिया है, जिससे कछार कांग्रेस में आंतरिक संकट और गहरा गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

