home page

हैलाकांदी में प्रकृति का रौद्र रूप, लगातार बारिश से आरसीसी पुल ध्वस्त

 | 

हैलाकांदी (असम), 16 मई (हि.स.)। असम के हैलाकांदी जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। जिले में तेज बारिश के कारण एक आरसीसी पुल टूटकर गिर गया, जिसके चलते पांचग्राम और मुकाम कुटी के बीच संपर्क पूरी तरह से कट गया है।

बताया गया है कि कई दिनों से जारी धारा प्रवाह बारिश के कारण इलाके की नदियों और जलधाराओं का जलस्तर लगातार बढ़ रहा था। इसी बीच अत्यधिक दबाव के चलते पुल अचानक भरभराकर टूट गया। पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद स्थानीय लोगों में चिंता व्याप्त है।

इस सड़क मार्ग पर निर्भर कई गांवों के हजारों लोगों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई है। ग्रामीणों को अब आवागमन के लिए भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। दैनिक जरूरतों की आपूर्ति तथा आपातकालीन सेवाओं पर भी इसका असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। क्षेत्र में वैकल्पिक संपर्क व्यवस्था बहाल करने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश