रंजित कुमार दास बने 16वीं असम विधानसभा के अध्यक्ष
गुवाहाटी, 21 मई, (हि.स.)। वरिष्ठ भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री रंजीत कुमार दास को गुरुवार को निर्विरोध रूप से 16वीं असम विधानसभा का अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। इसके साथ ही उन्होंने दूसरी बार विधानसभा अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाली है।
आज से 16वीं असम विधानसभा का सत्र शुरू हुआ, जो 26 मई तक चलेगा। सत्र के पहले दिन वरिष्ठ विधायक चंद्रमोहन पटवारी ने प्रोटेम अध्यक्ष के रूप में सदन की कार्यवाही का संचालन किया। वंदे मातरम् के साथ शुरू हुए अधिवेशन में सबसे पहले 126 विधायकों का शपथ ग्रहण कराया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने सबसे पहले विधायक पद की शपथ ली। इसके बाद चार कैबिनेट मंत्रियों सहित भाजपा, कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस और अन्य दलों के विधायकों ने शपथ ग्रहण किया। सभी विधायकों को प्रोटेम अध्यक्ष चंद्रमोहन पटवारी ने शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रोटेम अध्यक्ष ने औपचारिक रूप से विधानसभा के पूर्णकालिक अध्यक्ष के नाम की घोषणा की। रंजित कुमार दास के निर्विरोध चुने जाने के बाद चंद्रमोहन पटवारी ने अध्यक्षीय आसन छोड़ते हुए उन्हें सदन की आगे की कार्यवाही संचालित करने की जिम्मेदारी सौंपी।
उल्लेखनीय है कि रंजित कुमार दास इससे पहले भी असम विधानसभा के अध्यक्ष रह चुके हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल के नेतृत्व वाली सरकार के दौरान 2 जून 2016 से 25 दिसंबर 2020 तक विधानसभा अध्यक्ष के रूप में कार्य किया था।
वहीं, कांग्रेस विधायक दल ने पूर्व मंत्री एवं पांच बार के विधायक वाजेद अली चौधरी को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चुना है। यह निर्णय पार्टी हाईकमान की स्वीकृति के बाद लिया गया।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

