रंगापारा रेलवे स्टेशन पर 4.749 किलो गांजा बरामद
शोणितपुर (असम), 28 नवंबर (हि.स.)। शोणितपुर जिला के रंगापारा उत्तर रेलवे स्टेशन में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने आज विशेष जांच अभियान के दौरान एक लावारिस बैग से 4 किलो 749 ग्राम संदिग्ध गांजा बरामद किया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 2 लाख 37 हजार 450 रुपये बताई गई है।
जानकारीअनुसार शनिवार को आरपीएफ पोस्ट रंगापारा के एसआई सोहन लाल प्रधान, एएसआई अनिरुद्ध दास तथा हेड कांस्टेबल देबाशीष मिश्रा ने आईपीएफ दिलीप कुमार तिवारी के मार्गदर्शन में ट्रेन संख्या 15895 अप (रंगापारा–सपतार पैसेंजर) में विशेष जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान कोच संख्या-एनएफजीएस-165453 में एक सीट के नीचे बैंगनी रंग का लावारिस हैंडबैग मिला। बैग की तलाशी लेने पर उसमें सफेद प्लास्टिक में लिपटा एक पैकेट बरामद हुआ। आसपास बैठे यात्रियों से पूछताछ करने पर कोई भी बैग के मालिक या उसे वहां रखने वाले व्यक्ति की पहचान नहीं कर सका।
इसके बाद पैकेट को कब्जे में लेकर वजन किया गया, जिसमें 4 किलो 749 ग्राम संदिग्ध गांजा पाया गया। आरपीएफ अधिकारी प्रधान ने निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत संदिग्ध गांजे को जब्त कर लिया।
इस मामले में रंगापारा के आबकारी निरीक्षक को सूचित किया गया, ताकि जब्त सामग्री को नियमानुसार अपने कब्जे में लेकर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा सके। ऑपरेशन नारकोस के तहत की गई इस कार्रवाई को रेलवे सुरक्षा बल की विशेष जांच अभियान का हिस्सा बताया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जयकिशोर झा

