नौकरी में 80:20 के आरक्षण अनुपात को समाप्त करने की मांग के समर्थन में निकली रैली
इटानगर, 08 अगस्त (हि.स.)। अरुणाचल फ्रंटियर ट्राइबल फ्रंट ने आज अपनी एक सूत्री मांग, राज्य की नौकरी में 80:20 के आरक्षण अनुपात को समाप्त करने की मांग के समर्थन में इटानगर में एक शांतिपूर्ण रैली निकाली।
सैकड़ों युवा, माता-पिता और आम लोग रैली में शामिल हुए। उन्होंने बैनर और पोस्टर पकड़े हुए थे जिस पर 80:20 अनुपात खत्म करो, बहानेबाजी नहीं चलेगी, बहुत हो गया जैसे नारे लिखे थे। रैली आकाशदीप बाज़ार से शुरू हुई और इटानगर के आईजी पार्क में समाप्त हुई।
लोगों को संबोधित करते हुए फ्रंट के चेयरमैन ताडक नालो ने कहा कि अगर सरकार सच में चाहे तो यह कोई बड़ी बात नहीं है, लेकिन सरकार सिर्फ़ बहाने बना रही है और इस पर कमेटी पे कमेटी बनाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।
लेकिन इससे काम नहीं चलेगा; सरकार को 80:20 अनुपात को खत्म करके हमारी मांगें तुरंत पूरी करनी होंगी। साथ ही, 15 अगस्त तक सरकार को गाइडलाइन में यह शामिल करना होगा कि अरुणाचल प्रदेश पब्लिक सर्विस कमीशन और अरुणाचल प्रदेश स्टाफ सिलेक्शन बोर्ड द्वारा आयोजित भर्ती परीक्षाओं के लिए अनुसूचित जनजाति और स्थायी निवासी प्रमाण पत्र की ज़रूरत अनिवार्य हो।
उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर सरकार मौजूदा 80:20 नौकरी आरक्षण अनुपात को खत्म करने में नाकाम रहती है, तो आगे जो भी कदम उठाए जाएंगे, उसके लिए सरकार ही ज़िम्मेदार होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

