home page

मुख्यमंत्री खांडू के इस्तीफे की मांग को लेकर रैली

 | 
मुख्यमंत्री खांडू के इस्तीफे की मांग को लेकर रैली


इटानगर, 20 अप्रैल (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश नागरिक समाज (एसीएस) ने सोमवार को मुख्यमंत्री पेमा खांडू के इस्तीफे और उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के कथित मामलों की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर पदयात्रा निकाली।

मुख्यमंत्री पेमा खांडू के खिलाफ नारे लिखे बैनर और पोस्टर लिए सैकड़ों युवाओं ने आकाश दीप बाजार से रैली शुरू की और इटानगर के आईजी पार्क टेनिस कोर्ट पर समाप्त हुई।

आईजी पार्क में रैली को संबोधित करते हुए एसीएस के अध्यक्ष ब्याबांग जोरम ने कहा कि मुख्यमंत्री खांडू के खिलाफ हमारा लोकतांत्रिक आंदोलन उनके इस्तीफे तक जारी रहेगा। यह एक बड़ा मुद्दा है कि सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई को मुख्यमंत्री पेमा खांडू के खिलाफ पिछले कुछ वर्षों में उनके परिवार की कंपनियों को 1,270 करोड़ रुपये के ठेके देने के आरोपों की जांच का निर्देश दिया है।

उन्होंने कहा कि हम सीबीआई का स्वागत करते हैं और सरकार को इस मामले में निष्पक्ष जांच में सहयोग करना चाहिए ताकि शासन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।

जोरम ने कहा, हमने देखा है कि केंद्रीय मंत्री ट्रेन या हवाई जहाज दुर्घटना होने पर नैतिक आधार पर इस्तीफा दे देते हैं, लेकिन यह मामला एक हजार करोड़ से अधिक के धन से जुड़ा है। इसलिए मुख्यमंत्री खांडू को निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच के लिए नैतिक आधार पर अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी