बाढ़ की भयावह स्थिति के बीच राज्यसभा सांसदों ने मुख्यमंत्री राहत कोष में दिया वेतन का अंशदान
गुवाहाटी, 21 जुलाई (हि.स.)। असम में बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए राज्यसभा सांसद तेरेस गोवाला और योगेन महन ने मुख्यमंत्री राहत कोष में अपने वेतन का अंशदान देकर राहत एवं पुनर्वास कार्यों में सहयोग किया है।
उल्लेखनीय है कि नगालैंड के मोन जिले में बादल फटने और मूसलाधार बारिश के कारण ऊपरी असम में बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो गई है।
कार्बी पहाड़ियों में सोमवार को हुई भारी बारिश के चलते डिजू नदी का जलस्तर बढ़ने से कलियाबर के कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। कलियाबर के शालना, कालापानी और आमगुड़ी क्षेत्र सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं।
दोनों गांवों के लगभग 90 परिवारों के करीब 500 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। कई घरों में पानी घुस गया है और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है तथा राहत कार्य जारी हैं।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

