चुनाव 26: बारिश से प्रभावित असम में चुनाव प्रचार, दलों की रफ्तार धीमी
गुवाहाटी, 30 मार्च (हि.स.)। असम में पिछले कई दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान पर असर डालना शुरू कर दिया है। लगातार हो रही बारिश के कारण विभिन्न राजनीतिक दलों के जनसभाओं, रैलियों और घर-घर संपर्क कार्यक्रमों में बाधा उत्पन्न हो रही है। हालांकि, इसी मौसम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान जैसे दिग्गज नेता चुनावी रैलियां तथा सभाएं करके जा चुके हैं। पोलिंग अधिकारी पोस्टल बैलट लेकर खराब मौसम के बावजूद घर-घर घूम कर चुनाव अभियान चला रहे हैं।
वहीं, मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा की चुनावी रैलियोंं में खराब मौसम के बावजूद लाखों लोगों की भीड़ प्रत्येक दिन जुट रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई भी हर दिन चुनावी सभाएं कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि राज्य में विधानसभा चुनाव 9 अप्रैल को होने वाले हैं, जिसे लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस, असम गण परिषद (अगप) समेत अन्य दलों ने अपने-अपने स्तर पर व्यापक प्रचार अभियान शुरू किये हैं। हालांकि, मौसम की खराब स्थिति के चलते कई जगहों पर कार्यक्रम स्थगित करने पड़े हैं, जबकि कुछ स्थानों पर कम संख्या में ही लोग सभाओं में पहुंच पा रहे हैं।
राजनीतिक दलों के नेताओं का कहना है कि बारिश के बावजूद वे डिजिटल माध्यमों और छोटे समूहों के जरिए प्रचार जारी रखने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, कार्यकर्ताओं को भी मौसम की परिस्थितियों के अनुसार रणनीति में बदलाव करने के निर्देश दिए गए हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा, तो इसका असर मतदान प्रतिशत पर भी पड़ सकता है। फिलहाल सभी दल मौसम की चुनौती के बीच अपनी चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

