बोड़ोलैंड के लिए बड़ी सौगात: कोकराझाड़ में बनेगा रेलवे भर्ती बोर्ड परीक्षा केंद्र
कोकराझाड़ (असम), 11 जुलाई (हि.स.)। बोड़ोलैंड क्षेत्र के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए केंद्रीय रेल मंत्रालय ने कोकराझाड़ में रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) का परीक्षा केंद्र स्थापित करने को औपचारिक मंजूरी दे दी है।
इसकी जानकारी सांसद प्रमोद बोडो ने सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की। उन्होंने कहा कि बीटीसी में यूपीपीएल के नेतृत्व वाली सरकार के कार्यकाल में किए गए विशेष प्रयासों के कारण यह उपलब्धि संभव हो सकी है। यह निर्णय क्षेत्र के शिक्षित युवाओं के लिए रेलवे में रोजगार के नए अवसर खोलेगा।
सांसद ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सतीश कुमार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कोकराझाड़ में परीक्षा केंद्र बनने से अभ्यर्थियों को सरकारी भर्ती परीक्षाओं के लिए लंबी दूरी तय करने और भौगोलिक कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ेगा, जिससे बोड़ोलैंड के हजारों युवाओं को सीधा लाभ मिलेगा।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

