home page

पूसीरे ने उन्नत रेल-बोर्न मेंटेनेंस व्हीकल को शामिल किया

 | 
पूसीरे ने उन्नत रेल-बोर्न मेंटेनेंस व्हीकल को शामिल किया


गुवाहाटी, 03 जून (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने एक 'रेल-बोर्न मेंटेनेंस व्हीकल' (आरबीएमवी) को शामिल कर अपने बुनियादी ढांचे के रख-रखाव की क्षमताओं में वृद्धि की है। इस वाहन को पटरियों और इंजीनियरिंग से जुड़े महत्वपूर्ण रख-रखाव कार्यों को अधिक कुशलता, सटीकता और संरक्षा के साथ करने के लिए निर्मित किया गया है। यह नया खरीदा गया वाहन कठिन और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण रेलवे सेक्शनों, विशेष रूप से मिजोरम के निर्माणाधीन और चुनौतीपूर्ण बइरबी-सायरंगरेल परियोजना के रख-रखाव कार्यों में सहायक होने में अहम भूमिका निभाएगा।

पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने आज बताया कि यह उन्नत मेंटेनेंस व्हीकल आधुनिक सुविधाओं से लैस है, जो दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों में स्थित कार्यस्थलों तक कर्मचारियों, सामग्रियों और रखरखाव उपकरणों को सीधे पहुंचाने में सक्षम बनाता है। इस वाहन में विशेष प्रकार की लिफ्टिंग और हैंडलिंग की व्यवस्था भी लगी है, जिससे रेल कर्मचारी ट्रैक से जुड़े कार्य, कलपुर्जों को बदलने और आपातकालीन बहाली की गतिविधियों को सुरक्षित और समय-सीमा के भीतर पूरा कर पाते हैं। इसके उपयोग से मेंटेनेंस के पारंपरिक तरीकों पर निर्भरता काफी कम होगी और समग्र परिचालन दक्षता में सुधार होगा।

बइरबी-सायरंग सेक्शन पहाड़ी क्षेत्र में है और इंजीनियरिंग की अनोखी चुनौतियां को प्रदर्शित करता है, जिसके कारण सुरक्षित और भरोसेमंद रेल परिचालन सुनिश्चित करने के लिए मजबूत मेंटेनेंस सहयोग की ज़रूरत है। इस मेंटेनेंस व्हीकल को शामिल करने से निरीक्षण व बुनियादी ढांचे के रखरखाव कार्यों में आसानी होगी। यह वाहन निवारक रखरखाव में भी उपयोगी होगा, जिससे रुकावटों को कम करने और परिसंपत्तियों की विश्वसनीयता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

पूसीरे के लिए सुरक्षा सर्वप्रथम पहली प्राथमिकता रही है। इस आधुनिक मेंटेनेंस व्हीकल के उपयोग से संरक्षा मानकों के मज़बूत होने की उम्मीद है, क्योंकि यह रेल कर्मचारियों को मुश्किल फील्ड परिस्थितियों में मेंटेनेंस का काम करने के लिए एक समर्पित और कुशल मंच प्रदान करता है। मेंटेनेंस के कार्यों में बेहतर मशीनीकरण से भारी उपकरणों और सामग्रियों को हाथ से हैंडल करने का कार्य भी कमहोगा, जिससे कार्यस्थल पर सुरक्षा और उत्पादकता बढ़ेगी।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय