पांडु कॉलेज में रवींद्र जयंती का आयोजन
गुवाहाटी, 09 मई (हि.स.)। पूर्वोत्तर के प्रमुख शिक्षण संस्थानों में से एक पांडु महाविद्यालय के बांगला विभाग द्वारा शनिवार को रवींद्र जयंती का आयोजन किया गया। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके बाद रवींद्र नाथ ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर विशिष्ट अतिथियों ने श्रद्धांजलि दी।
बांगला विभाग की ओर से उपस्थित विशिष्ट अतिथियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का स्वागत संबोधन बांगला विभागाध्यक्ष डॉ. तिमिर दे ने दिया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में महाविद्यालय की उपाध्यक्ष डॉ. चंदना सिन्हा राय उपस्थित रहीं। उनके प्रेरणादायक संबोधन ने सभी को प्रभावित किया।
विशिष्ट अतिथि मैत्री शर्मा ने रवींद्रनाथ ठाकुर के दर्शन एवं चिंतन पर अपना महत्वपूर्ण संबोधन प्रस्तुत किया। विभाग के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. शांतनु रायचौधुरी के विचारों को सभागार में उपस्थित सभी लोगों ने मंत्रमुग्ध होकर सुना।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में सांस्कृतिक प्रस्तुति आयोजित की गई। विभाग के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सामूहिक गीत ‘हे नूतन’ और ‘आनंदलोके’ के साथ इसकी शुरुआत हुई। विभाग के छात्र-छात्राओं ने सामूहिक एवं एकल रवींद्र-संगीत प्रस्तत किया।
कार्यक्रम में अतिथि कलाकार के रूप में ताराप्रसन्न मुखोपाध्याय और रश्मिरेखा देवी ने रवींद्र-संगीत प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। डॉ. संजय चंद्र दास (बाउला संजय) ने भी रवींद्र-संगीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। इसके अतिरिक्त महाविद्यालय के बांगला विभाग एवं अन्य विभागों के छात्र-छात्राओं ने भी रवींद्र-संगीत प्रस्तुत किया।
विभाग की अध्यापिका सुचित्रा बेरा और छात्रा अनामिका चंद ने रवींद्र नाथ ठाकुर की कविताओं का पाठ किया। कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण रवींद्र-नृत्य रहा, जिन्हें विभाग के विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर पांडु महाविद्यालय सहित अन्य महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों के छात्र-छात्राओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। स्थानीय गणमान्य लोगों की सहभागिता ने कार्यक्रम को और भी सफल बना दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर

