ऑल पुरोइक वेलफेयर सोसाइटी ने आंसू अध्यक्ष को 7 दिनों में माफी मांगने को कहा
इटानगर, 15 सितंबर (हि.स.)। 'ऑल पुरोइक वेलफेयर सोसाइटी' ने 'ऑल निशी स्टूडेंट यूनियन' (आनसू) के अध्यक्ष अशोक को 7 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए पुरोइक समुदाय के खिलाफ की गई अपमानजनक टिप्पणियों के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।
सोशल मीडिया पर पुरोइक समुदाय के खिलाफ वायरल हो रहे एक ऑडियो/वीडियो का ज़िक्र करते हुए, पुरोईक समुदय के सलाहकार अदांग याचु ने आज अरुणाचल प्रेस क्लब में मीडिया को बताया कि अशोक डोका और ताजे यांगफो के बीच निजी विवाद से जुड़ी बातचीत का एक वीडियो/ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर घूम रहा है। इसमें अशोक डोका ने कथित तौर पर पुरोइक समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक बातें कहीं और 'सुलुंग' (गुलाम) शब्द का इस्तेमाल किया। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके पास बहुत सारे 'सुलुंग' (गुलाम) हैं। उनकी इन बातों से पुरोइक समुदाय के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि 'सुलुंग' इस समुदाय का आधिकारिक नाम नहीं है; समुदाय का आधिकारिक नाम 'पुरोइक' है और इसे अरुणाचल प्रदेश की एक अलग अनुसूचित जनजाति के रूप में मान्यता प्राप्त है।
ताजे और अशोक के निजी विवाद से पुरोइक समुदाय का कोई लेना-देना नहीं है, लेकिन उनके निजी झगड़े में पुरोइक समुदाय को घसीटने से समुदाय के लोगों को दुख और अपमान महसूस हुआ है।
समाज ने 7 दिनों का अल्टीमेटम दिया है और मांग की है कि अशोक डोका अपनी कथित टिप्पणियों के लिए पूरे पुरोइक समुदाय से बिना शर्त सार्वजनिक माफी मांगें।
अगर वे ऐसा नहीं करते हैं, तो हम उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे। हमने इस मामले में पापू हिल पुलिस स्टेशन में अशोक डोका के खिलाफ शिकायतभी दर्ज करा दी है और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

