विद्या भारती राष्ट्रीय वुशु चैंपियनशिप में पूर्वोत्तर क्षेत्र का शानदार प्रदर्शन
गुवाहाटी, 12 सितंबर (हि.स.)। विद्या भारती पूर्वोत्तर क्षेत्र की टीम ने महाराष्ट्र के नागपुर में आयोजित 37वीं राष्ट्रीय वुशु चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य सहित कुल पांच पदक जीते।
पूर्वोत्तर क्षेत्र की 13 सदस्यीय टीम ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। दल में सात छात्र खिलाड़ी, एक अंतरराष्ट्रीय वुशु रेफरी, दो प्रशिक्षक तथा तीन पर्यवेक्षक आचार्य शामिल थे। शिशु शिक्षा समिति, असम के प्रचार संयोजक मुक्टेश्वर गोस्वामी के अनुसार, प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सात छात्रों में से पांच ने पदक हासिल कर अपने-अपने विद्या निकेतनों, शिशु शिक्षा समिति असम और पूर्वोत्तर क्षेत्र का नाम रोशन किया।
बरपात्रा निकेतन की एनी वांगछू और निताई पुखुरी निकेतन के चिन्मय गोगोई ने स्वर्ण पदक जीते। ज्ञानदीप वांगछू और किश्मय गोगोई ने रजत पदक हासिल किया, जबकि बरपेटा रोड निकेतन के अनिकेत बर्मन ने कांस्य पदक जीता।
दोनों स्वर्ण पदक विजेताओं का चयन स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) के लिए भी हुआ है। नागपुर से शुक्रवार को गुवाहाटी लौटे दल का शिशु शिक्षा समिति असम के प्रदेश कार्यालय में गर्मजोशी से स्वागत किया गया। असम प्रकाशन भारती के कार्यालय सचिव हितेन प्रसाद गोस्वामी ने टीम के सदस्यों को सम्मानित किया और एसजीएफआई के लिए चयनित दोनों स्वर्ण पदक विजेताओं को आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

