अरुणाचलः बाघ देखे जाने के चलते वन विभाग ने जारी की चेतावनी
इटानगर, फरवरी 28 (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के पापूम पारे जिलांतर्गत किमिन के सुबनसिरी वन क्षेत्र के वन अधिकारी ने किमिन सर्कल के मानव बस्तियों के आसपास बाघ (बड़ी बिल्ली) देखे जाने की सूचना के मद्देनजर एक जन चेतावनी जारी की है।
जारी चेतावनी के अनुसार, निवासियों से सतर्क रहने और अत्यधिक सावधानी बरतने का आग्रह किया गया है। क्योंकि, जंगली जानवर के जंगल के किनारों और आसपास की बस्तियों में घूमने की खबरें सामने आ रही हैं।
वन विभाग ने जनता को सुरक्षा दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करने की सलाह दी है। सुरक्षा चेतावनी में- अकेले जंगल क्षेत्रों या सुनसान स्थानों में जाने से बचने, विशेषकर सुबह और शाम के समय; बच्चों को हर समय घर के अंदर रखने और उन पर निगरानी रखने; अगली सूचना तक जंगल के किनारों के पास पशुओं को चराने से बचने; जानवरों का पीछा करने, उसके पास जाने या उसे उकसाने का प्रयास न करने; बाघ को देखते ही या उसकी गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग या स्थानीय अधिकारियों को देना शामिल है।
विभाग ने आश्वासन दिया है कि वह स्थिति पर सक्रिय रूप से नज़र रख रहे हैं और जन सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक उपाय कर रहे हैं। यह चेतावनी अगले आदेश तक लागू रहेगी। निवासियों से आह्वान किया गया है कि वे अधिकारियों के साथ सहयोग करें और इस दौरान सुरक्षा को प्राथमिकता दें।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

