मेघालय में असम के वाहनों पर हमले के विरोध में जोरबाट में प्रदर्शन, एनएच-6 चार घंटे रहा जाम
गुवाहाटी, 21 अगस्त (हि.स.)। मेघालय में असम के वाहनों पर कथित हमले के विरोध में गुवाहाटी के बाहरी इलाके जोरबाट में शुक्रवार को भी असम के टूरिस्ट कार चालकों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन को स्थानीय लोगों का भी समर्थन मिला। सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक राष्ट्रीय राजमार्ग-6 अवरुद्ध रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और हजारों लोग जाम में फंसे रहे।
प्रदर्शन के कारण कई यात्रियों की ट्रेन और उड़ानें छूट गईं। वहीं, एंबुलेंस भी घंटों जाम में फंसी रही। प्रदर्शनकारियों ने मेघालय से आने वाले वाहनों को असम में प्रवेश नहीं करने दिया।
असम और मेघालय सरकारों की ओर से आश्वासन दिए जाने के बाद मेघालय से आने वाले असम के वाहनों को प्रदर्शनकारियों ने आवाजाही की अनुमति दे दी। हालांकि, अंतिम सूचना तक मेघालय के अन्य वाहनों को गुवाहाटी की ओर जाने नहीं दिया जा रहा था।
दूसरी ओर, मेघालय के बर्नीहाट में असम से आने वाले वाहनों को स्थानीय लोगों द्वारा वापस लौटाए जाने की सूचना है। दोनों राज्यों की सीमा पर जारी गतिरोध के कारण तनाव की स्थिति बनी हुई है।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि खासी छात्र संघ (केएसयू) की ओर से की गई हिंसक कार्रवाई पर मेघालय सरकार का मौन समर्थन है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं पहले भी होती रही हैं और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से उपद्रवियों का मनोबल बढ़ा है।
यातायात अवरोध के कारण दोनों राज्यों के बीच आवागमन प्रभावित होने के साथ मेघालय के पर्यटन उद्योग पर भी असर पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से विवाद को समाप्त करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
उल्लेखनीय है कि मेघालय की राजधानी शिलांग में 19 अगस्त की देर शाम केएसयू की ओर से आयोजित रैली के दौरान असम के वाहनों में कथित तौर पर तोड़फोड़ और आगजनी की गई थी। इसके बाद असम के जोरबाट में लगातार दूसरे दिन मेघालय के वाहनों की आवाजाही रोककर विरोध प्रदर्शन किया गया।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

