नगालैंड से पत्थर आयात की अनुमति की मांग को लेकर शिवसागर में प्रदर्शन
शिवसागर (असम), 12 नवंबर (हि.स.)। शिवसागर जिले में नगालैंड से पत्थर आयात करने की अनुमति देने की मांग को लेकर गुरुवार को सैकड़ों लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन में श्रमिकों, वाहन चालकों और छोटे कारोबारियों ने एकजुट होकर हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने पत्थरों के परिवहन के लिए आवश्यक सड़क अनुमति (रोड परमिशन) जारी करने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि नगालैंड से पत्थरों की आपूर्ति और परिवहन बंद होने के कारण बड़ी संख्या में लोगों के सामने आजीविका का संकट उत्पन्न हो गया है। पत्थर ढुलाई से जुड़े श्रमिकों, वाहन चालकों और छोटे व्यापारियों की आय प्रभावित हुई है।
उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क परिवहन की अनुमति देने की मांग की, ताकि नगालैंड से पत्थरों की आपूर्ति दोबारा शुरू हो सके और इससे जुड़े लोगों की आजीविका बहाल हो सके।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

