home page

अलग बोडोलैंड राज्य की मांग को लेकर कोकराझार में फिर तेज हुई आवाज

 | 
अलग बोडोलैंड राज्य की मांग को लेकर कोकराझार में फिर तेज हुई आवाज


-देवेरगांव में अखिल बोडो पूर्व स्वयंसेवक बल के तत्वावधान में जनसभा आयोजित

कोकराझार (असम), 18 नवम्बर (हि.स.)। अलग बोडोलैंड राज्य के गठन की मांग को लेकर एक बार फिर कोकराझार में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इस मांग को लेकर कोकराझार जिले के देवेरगांव में अखिल बोडो पूर्व स्वयंसेवक बल (ऑल बोडो एक्स-वॉलंटियर फोर्स) के तत्वावधान में आज एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। जनसभा में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लेकर अलग बोडोलैंड राज्य के गठन की मांग का समर्थन किया।

इस अवसर पर लोकसभा के पूर्व सांसद चंदन कुमार खुंगुर बासुमतारी ने भी जनसभा में भाग लिया और अलग बोडोलैंड राज्य की मांग के संदर्भ में अपने विचार व्यक्त किए।

सभा को संबोधित करते हुए विभिन्न वक्ताओं ने बोडो समुदाय के राजनीतिक अधिकारों, स्वायत्तता और अलग राज्य गठन की लंबे समय से चली आ रही मांग को प्रमुखता से उठाया। वक्ताओं ने कहा कि बोडोलैंड राज्य की मांग को मजबूती प्रदान करने के लिए सामूहिक एकजुटता और लोकतांत्रिक आंदोलन को आगे बढ़ाना आवश्यक है।

जनसभा के दौरान अलग बोडोलैंड राज्य के गठन की मांग को लेकर एकजुट होकर आवाज बुलंद करने पर भी जोर दिया गया। देवेरगांव में आयोजित इस विशाल जनसभा के माध्यम से अलग बोडोलैंड राज्य का मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक एवं सामाजिक चर्चा के केंद्र में आ गया है।

उल्लेखनीय है कि अलग बोडोलैंड राज्य का गठन बोडो समुदाय की लंबे समय से चली आ रही राजनीतिक मांगों में से एक है। इस जनसभा ने एक बार फिर इस मांग को लेकर क्षेत्र में नई राजनीतिक चर्चा को जन्म दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा