सीआईटी कोकराझार में बानसू का दो दिवसीय धरना शुरू
कोकराझार (असम), 30 सितम्बर (हि.स.)। कोकराझार के बालागांव स्थित केंद्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (सीआईटी) के छात्रावास में विषाक्त भोजन की घटना को लेकर प्रतिक्रिया जारी है। घटना के विरोध और विभिन्न मांगों के समर्थन में बोडो नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन (बानसू) की केंद्रीय समिति के नेतृत्व में बुधवार से दो दिवसीय धरना कार्यक्रम शुरू किया गया।
सीआईटी के मुख्य द्वार के सामने आयोजित धरना कार्यक्रम में बानसू के कार्यकर्ताओं ने बैनर और प्लेकार्ड के साथ हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने संस्थान के प्रशासनिक एवं व्यवस्थागत मुद्दों को लेकर अपनी मांगें उठाईं।
बानसू के मुख्य सलाहकार मनंजय दैमारी ने मीडिया से बातचीत में संस्थान के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स (बीओजी) के अध्यक्ष की तत्काल नियुक्ति, पूर्णकालिक निदेशक की नियुक्ति तथा सीआईटी परिसर में सुरक्षा एवं संरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की।
इसके अलावा, उन्होंने छात्रावासों में सुरक्षित एवं स्वास्थ्यकर भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, कार्यवाहक रजिस्ट्रार के पद से इस्तीफा लेकर नए रजिस्ट्रार की नियुक्ति करने, भ्रष्टाचार-रोधी व्यवस्था को मजबूत करने तथा पारदर्शिता और प्रशासनिक सुधार सुनिश्चित करने की मांग रखी। बानसू ने संस्थान में तत्काल दीक्षांत समारोह आयोजित करने की मांग भी उठाई है।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

