प्रोजेक्ट वर्तक ने गर्व और उत्साह के साथ मनाया 66वां स्थापना दिवस
शोणितपुर (असम), 07 मई (हि.स.)। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के प्रोजेक्ट वर्तक ने आज असम के तेजपुर में अपना 66वां स्थापना दिवस गर्व और उत्साह के साथ मनाया। इस अवसर पर पूर्वोत्तर क्षेत्र में रणनीतिक बुनियादी ढांचे के विकास और संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने में छह दशकों से अधिक के योगदान को याद किया गया।
वर्ष 1960 में प्रोजेक्ट टस्कर के रूप में स्थापित और 1963 में प्रोजेक्ट वर्तक नाम दिए जाने के बाद से यह परियोजना असम और अरुणाचल प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों में महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण और रखरखाव में अहम भूमिका निभा रही है। वर्तमान में प्रोजेक्ट वर्तक लगभग 2066 किलोमीटर से अधिक सड़क नेटवर्क के रखरखाव का दायित्व निभा रहा है।
स्थापना दिवस के अवसर पर प्रोजेक्ट वर्तक ने सीमावर्ती बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने, संपर्क व्यवस्था बढ़ाने तथा राष्ट्र सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

