तीस से कम विद्यार्थियों वाले प्राथमिक विद्यालय बंद नहीं होंगे: शिक्षा मंत्री
गुवाहाटी, 18 जून, (हि.स.)। असम के शिक्षा मंत्री डॉ. रणोज पेगू ने गुरुवार को स्पष्ट किया कि राज्य में 30 से कम विद्यार्थियों वाले प्राथमिक विद्यालयों को बंद नहीं किया जाएगा। शिक्षा मंत्री आज एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि सभी प्राथमिक विद्यालयों को बंद किए जाने संबंधी भ्रामक और झूठी खबरें प्रसारित की जा रही हैं, जिससे लोगों के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न हुई है। सरकार ने ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया है।
डॉ. पेगू ने कहा कि 30 से कम नामांकन वाले सभी प्राथमिक विद्यालयों के बंद होने की खबर पूरी तरह निराधार है। उन्होंने अभिभावकों, विद्यार्थियों और आम जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा शिक्षा विभाग से जुड़ी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक घोषणाओं पर भरोसा करने की अपील की।
शिक्षा मंत्री की इस स्पष्ट घोषणा के बाद विद्यालयों के भविष्य को लेकर फैल रही आशंकाओं पर विराम लगने की उम्मीद है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

