बाढ़ प्रभावित नाजिरा और डिमौ की 20 स्कूलों को रिनिकी भुइयां ने दी एक करोड़ की सहायता
गुवाहाटी, 12 अगस्त (हि.स.)। प्राइड ईस्ट ग्रुप ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य और बाढ़ प्रभावित विद्यालयों के पुनर्वास के उद्देश्य से ऊपरी असम के नाजिरा और डिमौ विधानसभा क्षेत्रों की 20 बाढ़ प्रभावित स्कूलों को कुल एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है।
प्राइड ईस्ट एंटरटेनमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड की सीएमडी तथा मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा की अर्धांगिनी रिनिकी भुइयां शर्मा ने नाजिरा विधानसभा क्षेत्र की 15 बाढ़ प्रभावित स्कूलों को पांच-पांच लाख रुपये के चेक प्रदान किए। इसी तरह डिमौ विधानसभा क्षेत्र की पांच बाढ़ प्रभावित स्कूलों को भी पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई।
इस पहल का उद्देश्य बाढ़ से प्रभावित विद्यालयों को आवश्यक सुविधाओं की बहाली में मदद करना और विद्यार्थियों की पढ़ाई को बिना किसी बाधा के जारी रखना है।
कार्यक्रम में राजस्व मंत्री केशव महंत, जल संसाधन मंत्री सुशांत बरगोहाईं तथा प्राइड ईस्ट ग्रुप के उपाध्यक्ष (मीडिया) सैयद जारिर हुसैन सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

