गुवाहाटी के विभिन्न विद्यालयों में आयोजित हुआ प्री रंगाली बिहू
गुवाहाटी, 13 अप्रैल (हि.स.)। असम की सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक रंगाली बिहू इस वर्ष गुवाहाटी के विभिन्न स्कूलों में हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। शहर के कई शैक्षणिक संस्थानों में छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों ने मिलकर इस लोकपर्व को रंगारंग कार्यक्रमों के माध्यम से जीवंत कर दिया।
इसके मद्देनजर हाजो पाकोरकोना आलिकाश स्थित मॉडर्न पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में भी विभिन्न कार्यक्रमों के साथ आज मनाया गया प्री रंगाली बिहू। छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक असमिया वेशभूषा मेखेला-चादर और धोती-गमोछा में सजे-धजे बिहू नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। ढोल, पेपा और ताली की गूंज से पूरा वातावरण उत्सवमय हो उठा।
विद्यालयों में आयोजित सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में नृत्य, गीत, कविता पाठ और पारंपरिक खेलों को शामिल किया गया। शिक्षकों ने छात्रों को बिहू के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व के बारे में भी जानकारी दी, जिससे नई पीढ़ी अपने लोकपर्व की जड़ों से जुड़ सके।
इस अवसर पर कई स्कूलों में ‘पिठा-लारू’ जैसे पारंपरिक व्यंजनों का भी आयोजन किया गया, जहां बच्चों ने असमिया खानपान का आनंद लिया। अभिभावकों की उपस्थिति ने कार्यक्रमों की शोभा और भी बढ़ा दी।
उल्लेखनीय हैं कि इस तरह के आयोजन न केवल छात्रों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं, बल्कि उन्हें अपनी संस्कृति और परंपराओं के प्रति जागरूक भी बनाते हैं। समग्र रूप से, गुवाहाटी के स्कूलों में मनाया गया रंगाली बिहू उत्सव परंपरा, संस्कृति और उत्साह का अनूठा संगम साबित हुआ, जिसने सभी के दिलों में खुशियों की नई उमंग भर दी।
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर

