राज्य के राजनीतिक हालात को लेकर कांग्रेस ने की भाजपा सरकार की आलोचना
गुवाहाटी, 26 मार्च (हि.स.)। असम के मौजूदा राजनीतिक हालात को लेकर कांग्रेस ने आज भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस नेता और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के असम प्रभारी मनोज चौहान ने गुवाहाटी स्थित राजीव भवन में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि असम में इस समय अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति बनी हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने संवैधानिक अधिकारों को कुचलते हुए विपक्षी नेताओं, पत्रकारों और आम जनता पर पुलिस के जरिए अत्याचार किया है।
चौहान ने कहा कि कांग्रेस इस रवैये का विरोध करने के लिए जनता के बीच संघर्ष तेज करेगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सत्ता के अहंकार में लोगों के मूलभूत अधिकारों का हनन कर रहे हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री जितना दमन करेंगे, जनता में उतना ही आक्रोश बढ़ेगा, जिसका परिणाम 2026 के विधानसभा चुनाव में दिखाई देगा।
कांग्रेस नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से डरते हैं। उन्होंने असम विधानसभा में हाल ही में हुई घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा के एक विधायक ने विपक्षी विधायक पर हमला की कोशिश की, लेकिन सरकार ने उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।
मनोज चौहान ने कहा कि भाजपा सरकार कांग्रेस नेताओं और उनके परिवारों को निशाना बना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा में प्रतिपक्ष के उप-नेता गौरव गोगोई और उनकी पत्नी के खिलाफ झूठा प्रचार किया गया। इसके अलावा, नगांव में सांसद रकीबुल हुसैन पर दिनदहाड़े हमला किया गया और गोगामुख में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर अत्याचार किया गया।
चौहान ने क्रॉस करंट के पत्रकार दिलावर हुसैन की गिरफ्तारी को भी षड्यंत्र करार दिया और कहा कि मुख्यमंत्री ने असम में कानून-व्यवस्था को अपने हाथ में ले लिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पहले ही मुख्यमंत्री सरमा को भारत का सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री बताया था और आज यह बात सच साबित हो रही है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि असम में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं और राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के अनुसार, राज्य में महिलाओं पर अत्याचार के मामले देश में शीर्ष पर हैं। उन्होंने दावा किया कि कई पुलिस थाने शिकायतें दर्ज करने से इनकार कर रहे हैं, जिससे अपराधियों को संरक्षण मिल रहा है।
चौहान ने कहा कि असम में बिगड़ती कानून-व्यवस्था के कारण अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा सहित छह विदेशी देशों ने असम को असुरक्षित घोषित किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार इन तथ्यों को छिपाने का प्रयास कर रही है, लेकिन कांग्रेस पार्टी इन सभी भ्रष्टाचार और अत्याचार के मामलों को जनता के सामने लाएगी।
संवाददाता सम्मेलन के दौरान असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष वेदव्रत बोरा और महानगर जिला कांग्रेस के अध्यक्ष गोपाल शर्मा भी उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर