जापान के प्रधानमंत्री के असम दौरे की तैयारी तेज
गुवाहाटी, 21 जून (हि.स.)। आगामी 01 जुलाई को जापान के प्रधानमंत्री के प्रस्तावित असम दौरे को लेकर गुवाहाटी में व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस महत्वपूर्ण यात्रा को असम और जापान के बीच आर्थिक तथा निवेश संबंधों को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, जापान के प्रधानमंत्री के साथ 60 से अधिक प्रमुख जापानी कंपनियों के शीर्ष अधिकारी और प्रतिनिधि भी असम आएंगे। इस दौरान विभिन्न विकास परियोजनाओं और निवेश की संभावनाओं पर चर्चा होने की संभावना है।
विदेशी मेहमानों के स्वागत के लिए गुवाहाटी में विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। एलजीबीआई हवाई अड्डे के समीप एक विशाल मंच का निर्माण किया जा रहा है, जहां विभिन्न सांस्कृतिक दल असम की समृद्ध परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।
दौरे को सफल बनाने के लिए प्रशासन द्वारा सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है। यह यात्रा असम के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग और निवेश आकर्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर मानी जा रही है।----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

