मालीगांव आरपीएफ दुर्गा पूजा: महिलाओं की पहल पर हो रहा आयोजन
गुवाहाटी, 01 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्व की तरह इस बार भी गुवाहाटी के मालीगांव आरपीएफ दुर्गा पूजा समिति के तत्वावधान में शारदीय दुर्गोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष यह पूजा अपने हीरक जयंती में प्रवेश कर चुकी है। इस पूजा का आयोजन आरपीएफ कर्मियों के परिवार के सदस्यों की पहल पर किया जा रहा है। हालांकि, यह एक कम बजट की पूजा है, लेकिन इसे सभी धार्मिक रीति-रिवाजों और परंपराओं का पालन करते हुए पूरी निष्ठा के साथ मनाया जाता है।
पूजा समिति के अध्यक्ष प्रणब बरुवा और सचिव रेणुकमा दास ने बताया कि इस साल के आयोजन में महिलाएं विशेष रूप से सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उनके साथ-साथ पुरुष सदस्य भी पूजा के विभिन्न कार्यों में पूरा सहयोग कर रहे हैं। सभी के संयुक्त प्रयासों से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न होगा।
इस बार की दुर्गा प्रतिमा अमीनगांव के एक जाने-माने मूर्तिकार द्वारा तैयार की जा रही है। वहीं, प्रकाश व्यवस्था की जिम्मेदारी स्थानीय लाइट कलाकार मिंटू को सौंपी गई है। पूजा का औपचारिक उद्घाटन षष्ठी के दिन किया जाएगा। इसके अलावा, पूजा के दौरान हर दिन नाम-कीर्तन का भी आयोजन किया जाएगा।
महिलाओं की विशेष पहल और पुरुष सदस्यों के सहयोग से मालीगांव आरपीएफ दुर्गा पूजा समिति का यह पारंपरिक दुर्गाोत्सव इस वर्ष भी धार्मिक निष्ठा और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न होने जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर

