पांडु मिशन पाड़ा में गणेश चतुर्थी की तैयारियां जोरों पर, खास थीम पर होंगे कार्यक्रम
गुवाहाटी, 07 सितंबर (हि.स.)। पूरे राज्य के साथ असम में भी गणेश पूजा की तैयारियां जोरों से चल रही हैं। पूजा की परंपरा को कायम रखते हुए इस बार भी नगर के पांडु मिशन पाड़ा में उत्साह और उल्लास के साथ गणेश चतुर्थी पूजा का आयोजन किया जा है। इसे लेकर तैयारियां पहले ही शुरू हो चुकी हैं। पूजा समिति ने जानकारी दी है कि आगामी 13 से 16 सितंबर तक चार दिवसीय गणेशोत्सव का आयोजन किया जाएगा।
पूजा समिति के अध्यक्ष शांतनु शर्मा और महासचिव देब्रत दत्त ने बताया कि निर्धारित चार दिनों तक विधि-विधान के साथ गणेश पूजा की जाएगी। प्रतिदिन सुबह 7 बजे से पूजा की शुरुआत होगी, जिसके बाद भक्तों के बीच प्रसाद वितरित किया जाएगा। इसके अलावा, रोजाना शाम महाआरती का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय निवासियों और सभी भक्तों को आमंत्रित किया गया है।
इस बार के गणेशोत्सव का मुख्य आकर्षण पूजा पंडाल की विशेष थीम होगी। समिति की पहल पर पंडाल में ग्रामीण परिवेश के दृश्यों को जीवंत किया जाएगा। पारंपरिक ग्रामीण जीवन के माहौल को कलात्मक ढंग से उभारने की योजना बनाई गई है, जिससे यह आयोजन दर्शकों के लिए बेहद आकर्षक साबित होगा।
धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों पर भी विशेष जोर दिया गया है। उत्सव के इन दिनों के दौरान बच्चों और किशोरों के लिए चित्रकला और नृत्य प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा, जो इस त्यौहार के उल्लास को और बढ़ा देंगी।
चार दिनों तक चलने वाले इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए पूजा समिति और स्थानीय निवासी पूरी तन्मयता से जुट गए हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर पांडु मिशन पाड़ा का कोना-कोना भक्तिमय और उत्सवी माहौल से सराबोर हो उठेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर

