तामुलपुर में सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘ज्योति कलश यात्रा’ की तैयारियां तेज
तामुलपुर (असम), 03 अक्टूबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत आगामी 07 अक्टूबर को आयोजित होने वाली ‘ज्योति कलश यात्रा’ की तैयारियों को लेकर आज तामुलपुर जिला आयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में स्थानीय विधायक एवं मंत्री बिश्वजीत दैमारी की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों, प्रतिभागियों की व्यवस्था तथा आयोजन को सफल बनाने के लिए आवश्यक विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। उल्लेखनीय है कि 17 सितंबर से शुरू हुआ ‘सेवा संकल्प अभियान’ आगामी 17 अक्टूबर तक चलेगा। इसी अभियान के तहत 07 अक्टूबर को राज्यभर में ‘ज्योति कलश यात्रा’ का आयोजन किया जाएगा।
तामुलपुर जिला प्रशासन ने भी कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले प्रतिभागी वाहनों के माध्यम से मोटंगा चौक के समीप स्थित उपेन ब्रह्म मध्य अंग्रेजी विद्यालय पहुंचेंगे। इसके बाद वहां से पैदल मार्च करते हुए तामुलपुर सार्वजनिक उद्यान के सामने मोटंगा नदी के तट स्थित खेल मैदान पहुंचेंगे। यहां आयोजित सार्वजनिक सभा में करीब 5 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है।
कार्यक्रम के संदर्भ में बताया गया कि 07 अक्टूबर का दिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन से जुड़ा एक महत्वपूर्ण अवसर है। इसी दिन वर्ष 2001 में उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसके बाद से उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जा रहा है।
तामुलपुर में आयोजित होने वाली ‘ज्योति कलश यात्रा’ को सफल बनाने के लिए मंत्री बिश्वजीत दैमारी और जिला आयुक्त सिमी करण ने सभी संबंधित लोगों से सक्रिय सहयोग और सहभागिता का आह्वान किया है।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शांतनु कुमार दत्त, तामुलपुर जिला भाजपा अध्यक्ष राजेश बोड़ो, पार्टी के कार्यकर्ता, जिला प्रशासन तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

