गुवाहाटी के बॉन्डेड गोदाम से चोरी की गई महंगी शराब, हेरोइन और गांजा बरामद, तीन गिरफ्तार
गुवाहाटी, 28 जून (हि.स.)। गुवाहाटी के गड़चुक थाना केस संख्या 147/2026 के तहत दर्ज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लोखरा स्थित एक बॉन्डेड गोदाम से चोरी की गई बड़ी मात्रा में प्रीमियम शराब, संदिग्ध हेरोइन, गांजा तथा नकद राशि बरामद की गई है।
पुलिस सूत्रों ने आज बताया है कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रंगिया थाना क्षेत्र के मालदापारा निवासी रीता बोडो, गोरचुक थाना क्षेत्र के शांतिपुर निवासी हाबेला दैमारी (46) तथा बेलसर थाना क्षेत्र के बेलसर निवासी चंपक मेधी (42) के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों को नवागांव स्थित उनके किराए के मकान से गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके संयुक्त कब्जे से ब्लू लेबल, रॉयल सल्यूट, ब्लैक लेबल, डबल ब्लैक, चिवास रीगल, ब्लैक डॉग और सिग्नेचर ब्रांड की बड़ी मात्रा में प्रीमियम शराब बरामद की। इसके अलावा 1,79,840 रुपये नकद भी जब्त किए गए। प्रारंभिक जांच में बरामद शराब लोखरा स्थित बॉन्डेड गोदाम से चोरी की गई बताई जा रही है।
पुलिस ने आगे की तलाशी में दो साबुनदानी में छिपाकर रखी गई 25 ग्राम संदिग्ध हेरोइन, 119 प्लास्टिक की शीशियों में 143 ग्राम संदिग्ध हेरोइन तथा 5.20 किलोग्राम गांजा भी बरामद किया। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपित किसी संगठित मादक पदार्थ तस्करी गिरोह से जुड़े हैं या नहीं। मामले की आगे की जांच जारी है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

