(अपडेट) प्राग्ज्योतिषपुर चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल में कई महत्त्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का शुभारंभ
गुवाहाटी, 23 नवंबर (हि.स.)। प्रागज्योतिषपुर चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल में आज जनस्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों की चिकित्सा सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवा केंद्रों का शुभ उद्घाटन किया गया।
चिकित्सा महाविद्यालय के प्राचार्य सह मुख्य अधीक्षक डॉ. बसंत कुमार वैश्य ने एड्स के लिए इंटीग्रेटेड काउंसलिंग एंड टेस्टिंग सेन्टर, एआरटी सेंटर और क्षय रोग के लिए ट्रीटमेंट सपोर्ट सेन्टर तथा डिटेक्शन सेंटर का औपचारिक रूप से उद्घाटन किया।
इन केंद्रों के शुभारंभ से महानगर की जनता को एचआईवी (एचआईवी) जांच और परामर्श, एआरटी चिकित्सा सेवा, उपचार संबंधी सहायता तथा क्षय रोग की पहचान की सुविधा मिल सकेगी। विशेष रूप से एचआईवी और क्षय रोग की रोकथाम, शीघ्र पहचान, उपचार और मरीजों की देखभाल के क्षेत्र में ये केंद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इस पहल से प्रागज्योतिषपुर चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा और अधिक विस्तृत होगा, साथ ही मरीजों को एक ही स्थान पर आवश्यक जांच, परामर्श और चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने में सहायता मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर

