प्रेगमैटिक एकेडमी ने मनाया 23वां स्थापना दिवस, बाढ़ पीड़ितों के लिए एक लाख देने की घोषणा
कामरूप (असम), 04 अगस्त (हि.स.)। कामरूप जिला के रंगिया स्थित प्रेगमैटिक एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के सप्ताहव्यापी विद्यालय सप्ताह समारोह का समापन मंगलवार को 23वें स्थापना दिवस एवं नवागत स्वागत समारोह के साथ हुआ। स्थानीय हरदत्त-वीरदत्त भवन में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रेगमैटिक शैक्षिक न्यास के अध्यक्ष महसेन अली ने की।
कार्यक्रम में असम लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष भारतभूषण देवचौधुरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि शोधार्थी एवं युवा वक्ता प्रदीप भागवती ने विशिष्ट वक्ता के रूप में अपने विचार रखे।
इस अवसर पर प्रेगमैटिक शैक्षिक न्यास के प्रबंध निदेशक अनिल दत्ता ने स्थानीय विधायक के माध्यम से मुख्यमंत्री राहत कोष में ऊपरी असम के बाढ़ प्रभावित जिलों के लोगों की सहायता के लिए एक लाख रुपये का योगदान देने की घोषणा की।
समारोह में गत वर्ष की हाई स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट (एचएसएलसी) परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 55 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा विद्यालय की दो मेधावी छात्राओं जेनिस जेनिंगम और हर्षिता तालुकदार को पांच-पांच हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई।
कार्यक्रम में प्रेगमैटिक शैक्षिक न्यास के प्रबंध निदेशक अनिल दत्ता, सचिव डॉ. द्विपेश चंद्र भट्टाचार्य, न्यास की पदाधिकारी नमिता दत्ता, विद्यालय के प्राचार्य दीपज्योति बरुवा, मदन मोहन कलिता, नवज्योति कलिता, कृष्ण कलिता सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

