कोकराझार में ‘प्रधानमंत्री दिव्याशा वयोश्री केंद्र’ का शुभारंभ
-दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों को एक ही छत के नीचे मिलेगी समग्र पुनर्वास सुविधा
कोकराझार (असम), 26 फरवरी (हि.स.)। जिले में समावेशी स्वास्थ्य अवसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत आज आरएनबी सिविल अस्पताल, कोकराझार में ‘प्रधानमंत्री दिव्याशा वयोश्री केंद्र (पीएमडी-वीके)’ का विधिवत उद्घाटन किया गया। केंद्र का उद्घाटन जिला आयुक्त पंकज चक्रवर्ती ने एसडीओ (सी) गोसाईगांव लौरेंबम नेल्सन मंगंगचा, आर्टिफिशियल लिम्ब्स मैन्युफैक्चरिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एलिमको) के वरिष्ठ अधिकारियों तथा जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिला आयुक्त चक्रवर्ती ने कहा कि इस केंद्र की स्थापना कोकराझार जिले के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है, जो दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, स्वावलंबन और समावेशन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि यह केंद्र परामर्श, स्पीच थैरेपी तथा विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श जैसी समग्र पुनर्वास सेवाएं भी प्रदान करेगा, जिससे कोकराझार और आसपास के क्षेत्रों के लाभार्थियों को एक ही स्थान पर समेकित सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
जिला आयुक्त ने आगामी विधानसभा चुनावों के संदर्भ में कहा कि दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए मतदान केंद्रों पर व्हीलचेयर की उपलब्धता तथा वरिष्ठ नागरिकों के लिए होम वोटिंग की सुविधा भी सुनिश्चित की जाएगी, जिससे समावेशी लोकतांत्रिक भागीदारी को और सशक्त बनाया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान 35 चयनित लाभार्थियों को त्रिचक्र वाहन, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र तथा अन्य सहायक उपकरण औपचारिक रूप से वितरित किए गए। उल्लेखनीय है कि कोकराझार में स्थापित यह केंद्र असम का चौथा ‘प्रधानमंत्री दिव्याशा वयोश्री केंद्र’ है। यह केंद्र भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अधीन एलिमको के माध्यम से संचालित ‘एडिप योजना’ (विकलांग व्यक्तियों के लिए सहायता योजना) तथा ‘राष्ट्रीय वयोश्री योजना’ के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को प्रत्यक्ष एवं स्थानीय सेवाएं प्रदान करेगा।
यह केंद्र बीपीएल श्रेणी से संबंधित दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए उच्च गुणवत्ता वाले सहायक उपकरणों का आकलन, फिटमेंट तथा निःशुल्क वितरण करने हेतु एक स्थायी सुविधा के रूप में कार्य करेगा।
जिले में इस केंद्र की स्थापना की पहल गत वर्ष नवंबर माह में तत्कालीन जिला आयुक्त मसंदा एम. पर्टिन के प्रयासों से प्रारंभ हुई थी, जिसमें एसडीओ (सी) गोसाईगांव तथा बीटीसी के कार्यकारी सदस्य (स्वास्थ्य) देरहसत बसुमातारी सहित अन्य अधिकारियों का सक्रिय समन्वय रहा। यह पहल जिले में समावेशी कल्याण के प्रति प्रशासन की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
उद्घाटन कार्यक्रम में एलिमको के ऑपरेशनल फील्ड जनरल मैनेजर अजय चौधरी, नॉर्थ ईस्ट रीजन के मैनेजर एस. सेनगुप्ता, जूनियर मैनेजर संजीव कुमार हाजोवारी, प्रोस्थेटिक्स एवं ऑर्थोटिक्स विशेषज्ञ डॉ. अब्दुर रहमान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त बीटीसी, कोकराझार के स्वास्थ्य सेवा निदेशक (प्रभारी) डॉ. नीलू ब्रह्म, संयुक्त निदेशक डॉ. मनमोहन मोराल, आरएनबी सिविल अस्पताल के अधीक्षक डॉ. रतन रामसियारी, जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, लाभार्थीगण तथा अस्पताल के कर्मचारी भी इस अवसर पर मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

