home page

असम के मोरान में अफ्रीकन स्वाइन फीवर के 10 नमूने पॉजिटिव, सूअर के मांस की बिक्री पर अनिश्चितकालीन प्रतिबंध

 | 

डिब्रूगढ़ (असम), 25 अक्टूबर (हि.स.)। असम के डिब्रूगढ़ जिला प्रशासन ने मोरान राजस्व चक्र के विभिन्न बाजारों से एकत्र किए गए ऊतक के 10 नमूनों में अफ्रीकन स्वाइन फीवर (एएसएफ) की पुष्टि होने के बाद सूअर के मांस और इससे संबंधित उत्पादों की बिक्री पर अनिश्चितकालीन प्रतिबंध लगा दिया है।

डिब्रूगढ़ के जिला आयुक्त ने रविवार को जिला पशुपालन एवं पशु चिकित्सा अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर इस संबंध में आदेश जारी किया। मोरान राजस्व चक्र के विभिन्न दैनिक और साप्ताहिक बाजारों से एकत्र किए गए नमूनों की जांच गुवाहाटी स्थित पूर्वोत्तर क्षेत्रीय रोग निदान प्रयोगशाला में की गई थी। जांच में सभी 10 नमूने पॉजिटिव पाए गए।

आदेश के तहत क्षेत्र में सूअर का मांस और इससे संबंधित उत्पाद बेचने वाली सभी दुकानों को अगले आदेश तक बंद रखने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा, सूअरों और सूअर के मांस से संबंधित उत्पादों को अन्य जिलों से मोरान क्षेत्र में लाने तथा यहां से बाहर ले जाने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।

अफ्रीकन स्वाइन फीवर सूअरों को प्रभावित करने वाला एक अत्यधिक संक्रामक विषाणुजनित रोग है। संक्रमण के प्रसार को रोकने के उद्देश्य से प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं।

जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223 के तहत कार्रवाई की जा सकती है। यह धारा लोक सेवक द्वारा विधिवत जारी आदेश की अवज्ञा से संबंधित है।

यह आदेश आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 तथा अफ्रीकन स्वाइन फीवर की रोकथाम, नियंत्रण और प्रसार पर अंकुश लगाने के लिए असम सरकार की कार्ययोजना के प्रावधानों के तहत जारी किया गया है।

संबंधित विभागों और अधिकारियों को प्रतिबंधों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने तथा बीमारी से बचाव के उपायों के बारे में लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंध अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश