home page

मां की हत्या की आरोपित पूजा मलांग की जेल में मौत

 | 

कार्बी आंगलोंग (असम), 30 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम कार्बी आंगलोंग जिले के देरामुख इलाके में अपनी मां की हत्या के आरोप में गिरफ्तार 19 वर्षीय पूजा मलांग की न्यायिक हिरासत में मौत हो गई। घटना के बाद से ही मामला काफी चर्चाओं में था।

पुलिस सूत्रों द्वारा आज दी गई जानकारी के अनुसार, 29 अप्रैल को हामरेन जिला कारागार में बंद पूजा की अचानक तबीयत बिगड़ गई। कारागार प्रशासन द्वारा उसे पहले हामरेन सिविल अस्पताल और बाद में नगांव सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों का कहना है कि पूजा मिर्गी रोग से पीड़ित थी और उसी के चलते उसकी मौत हुई है। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

उल्लेखनीय है कि 22 अप्रैल को देरामुख के लालुंग गांव में पूजा मलांग ने कथित रूप से अपनी 42 वर्षीय मां अनुमाई मलांग की धारदार हथियार से हत्या कर दी थी। इस हमले में उसके पिता प्रेमेन्द्र मलांग और बहन भी घायल हुई थी। घटना के बाद वह कथित तौर पर जंगल में छिप गई थी, जहां से 24 अप्रैल को उसे गिरफ्तार किया गया।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय ग्रामीणों ने पूजा के अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया है। फिलहाल उसका शव नगांव सिविल अस्पताल के मोर्चरी में रखा हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश