नगांव लोकसभा उपचुनाव के लिए मतदान दल मतदान केंद्रों की ओर रवाना
मोरीगांव (असम), 05 अक्टूबर (हि.स.)। नगांव लोकसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए मंगलवार को होने वाले मतदान से पहले सोमवार को मतदान कर्मियों को उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। मोरीगांव कॉलेज मैदान से पीठासीन अधिकारियों सहित मतदान दलों ने अपने-अपने केंद्रों की ओर प्रस्थान किया। वहीं नगांव जिला मुख्यालय से भी मतदान कर्मी अपने केंद्रों की ओर रवाना हुए।
मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए मतदान दलों को आवश्यक चुनाव सामग्री और उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। संबंधित अधिकारी मतदान शुरू होने से पहले अपने निर्धारित केंद्रों पर पहुंचकर सभी तैयारियां पूरी करेंगे।
नगांव लोकसभा क्षेत्र में नगांव और मोरीगांव जिलों के आठ विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। क्षेत्र में 6 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना 9 अक्टूबर को निर्धारित है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

