home page

मतदान रोककर मतदान केंद्र के भीतर पॉलिंग अधिकारी ने पढ़ा नमाज, व्यापक प्रतिक्रिया

 | 
मतदान रोककर मतदान केंद्र के भीतर पॉलिंग अधिकारी ने पढ़ा नमाज, व्यापक प्रतिक्रिया


बंगाईगांव (असम), 10 अप्रैल (हि.स.)। असम के बंगाईगांव विधानसभा क्षेत्र में एक मतदान केंद्र पर पोलिंग अधिकारी द्वारा केंद्र के भीतर नमाज पढ़ने का मामला सामने आया है, जिसके चलते कुछ समय के लिए मतदान प्रक्रिया रोक दी गई।

यह घटना 59 नंबर बिजयगांव जेबी स्कूल स्थित मतदान केंद्र संख्या 1 की बताई जा रही है, जहां पॉलिंग अधिकारी ने गुरुवार को मतदान केंद्र के अंदर नमाज पढ़ी। इस दौरान मतदान प्रक्रिया अस्थायी रूप से बाधित हुई। सूत्रों के अनुसार, कुछ समय बाद स्थिति सामान्य हो गई और मतदान फिर से शुरू कर दिया गया।

इस मुद्दे को लेकर वहां कतार में खड़े मतदाताओं ने विरोध प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। वहीं दूसरी ओर, स्थानीय निवासियों ने इस मुद्दे को लेकर जोरदार प्रतिक्रिया व्यक्त की है। लोगों ने मीडिया से बातचीत में कहा कि स्कूल परिसर में एक नामघर तथा एक मंदिर स्थित है। ऐसे में इस स्थल पर नमाज पढ़ने से मंदिर की पवित्रता तथा सनातन धर्मावलंबियों की आस्था को ठेस पहुंची है। लोगों ने नमाज पढ़ने वाले व्यक्ति के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

वहीं दूसरी ओर, कई लोगों ने यह भी कहा कि मतदान की पूरी प्रक्रिया धर्मनिरपेक्षता के साथ संपन्न कराई जाती है। लोग अपनी-अपनी धार्मिक आस्था के अनुसार घर से या अन्य स्थानों से पूजा-अर्चना करके मतदान केंद्र पर आते हैं। ऐसे में यदि मतदान केंद्र पर कोई पोलिंग बूथ के अंदर नमाज पढ़ सकता है तो किसी अन्य व्यक्ति को मतदान केंद्र के अंदर काली या दुर्गा पूजा करने से कोई कैसे रोक सकता है।

सभी ने एक सिरे से नमाज पढ़ने वाले पोलिंग अधिकारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की। हालांकि, इस मामले में चुनाव अधिकारियों की ओर से अबतक किसी प्रकार की आधिकारिक प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश