कोकराझार जिले में मतदान की तैयारियां पूरी, मतदान दल रवाना
कोकराझार (असम), 08 अप्रैल (हि.स.)। असम विधानसभा चुनाव 2026 के तहत कोकराझार जिले में मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला प्रशासन ने स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। मतदान 9 अप्रैल को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
असम विधानसभा चुनाव-2026 के लिए प्रशासनिक तैयारियों के बीच आज कोकराझार जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों के लिए मतदान दलों को रवाना किया गया। चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदानकर्मियों को मतदान सामग्री के साथ निर्धारित गंतव्यों तक भेजा गया।
सुबह से ही निर्वाचन कार्यालय में गहमागहमी का माहौल रहा। चुनाव अधिकारियों ने मतदान दलों को आवश्यक निर्देश दिए और मतदान प्रक्रिया को निर्विघ्न संपन्न कराने की अपील की। मतदान दलों को सुरक्षा बलों की निगरानी में बसों और अन्य वाहनों के जरिए उनके बूथों की ओर रवाना किया गया।
जिले में कुल 7,08,805 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें गोसाईगांव, दोतमा (एसटी), कोकराझार (एसटी), बाओखुंगुरी और परबतझोरा विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। सभी क्षेत्रों में मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए कुल 4172 मतदान कर्मियों की नियुक्ति की गई है। इनमें 1043 प्रीसाइडिंग ऑफिसर, 1043 प्रथम मतदान अधिकारी, 1043 द्वितीय मतदान अधिकारी और 1043 तृतीय मतदान अधिकारी शामिल हैं। इसके अलावा, जिले में 52 महिला मतदान केंद्र तथा 5 मॉडल मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत कड़े इंतजाम किए गए हैं। कुल 33 कंपनियां केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की तैनात की गई हैं। इसके अतिरिक्त 944 पुलिस कर्मियों और 487 होमगार्ड को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्यूटी पर लगाया गया है।
जिला प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्भय होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें और लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लें। प्रशासन ने यह भी आश्वासन दिया है कि सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

