home page

सोनोवाल कछारी स्वायत्तशासी परिषद की 32 सीटों के लिए 30 नवंबर को मतदान

 | 

गुवाहाटी, 03 नवंबर (हि.स.)। असम राज्य निर्वाचन आयोग ने सोनोवाल कछारी स्वायत्तशासी परिषद (एसकेएसी) के वर्ष 2026 के आम चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। इसके तहत परिषद के सभी 32 निर्वाचन क्षेत्रों में 30 नवंबर को मतदान होगा।

आयोग द्वारा मंगलवार को जारी चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, 3 नवंबर को चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी गई है। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 10 नवंबर निर्धारित की गई है, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 12 नवंबर को होगी। उम्मीदवार 16 नवंबर तक अपने नामांकन वापस ले सकेंगे। इसी दिन चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी।

मतदान 30 नवंबर को सुबह 7.30 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। आवश्यकता पड़ने पर एक दिसंबर को पुनर्मतदान कराया जाएगा। मतगणना तीन दिसंबर को सुबह आठ बजे से शुरू होगी और प्रक्रिया पूरी होने तक जारी रहेगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया पांच दिसंबर तक संपन्न कर ली जाएगी।

नामांकन पत्र सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर सभी कार्य दिवसों में सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक स्वीकार किए जाएंगे। पुनर्मतदान की स्थिति में भी मतदान का समय यही रहेगा।

परिषद चुनाव में कुल 1,63,966 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 79,295 पुरुष, 84,667 महिला और अन्य श्रेणी के चार मतदाता शामिल हैं। परिषद के सभी 32 निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 337 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

असम राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रत्येक उम्मीदवार के लिए चुनाव खर्च की अधिकतम सीमा दो लाख रुपये निर्धारित की है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश