रास चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने शुरू की तैयारी, नामांकन पत्रों का संग्रह आरंभ
गुवाहाटी, 02 मार्च (हि.स.)। असम विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक दल जहां एक ओर अपने प्रचार अभियान को तेज कर रहे हैं, वहीं आगामी 16 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर भी तैयारियां शुरू हो गई हैं। असम से राज्यसभा की तीन सीटें रिक्त होने जा रही हैं, जिन्हें लेकर विभिन्न दलों ने अपने-अपने उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए रणनीतिक गणित बैठाना शुरू कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को विभिन्न दलों के पांच उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र संग्रह किया। भारतीय जनता पार्टी, ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट तथा असम जातीय परिषद के उम्मीदवारों द्वारा नामांकन पत्र लिए जाने की सूचना है।
उल्लेखनीय है कि असम से राज्यसभा के तीन सदस्यों — भुवनेश्वर कलिता, रामेश्वर तेली तथा अजीत कुमार भुइयां का कार्यकाल आगामी 9 अप्रैल को समाप्त हो रहा है। इन तीनों सीटों के लिए 16 मार्च को मतदान कराया जाएगा।
चुनाव प्रक्रिया के तहत नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 5 मार्च निर्धारित की गई है, जबकि 6 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी। इच्छुक उम्मीदवार 9 मार्च तक अपना नामांकन वापस ले सकेंगे। 16 मार्च को मतदान के बाद उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। निर्वाचन आयोग ने संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया 20 मार्च तक पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

