शिलांग में हिंसा पर असम भाजपा ने जताई चिंता, उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की
गुवाहाटी, 20 अगस्त (हि.स.)। मेघालय की राजधानी शिलांग में बीते बुधवार को हुई हिंसक घटनाओं को लेकर असम प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गहरी चिंता व्यक्त की है। खासी छात्र संघ के नाम पर कुछ उपद्रवियों द्वारा विरोध प्रदर्शन के दौरान पर्यटकों और विभिन्न वाहनों पर किए गए हमलों की प्रदेश भाजपा ने कड़े शब्दों में निंदा की।
असम प्रदेश भाजपा मुख्यालय में गुरुवार को आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में पार्टी के प्रवक्ता कमल कुमार मेधी ने कहा कि विरोध प्रदर्शन के नाम पर कुछ उपद्रवियों द्वारा मेघालय की राजधानी शिलांग और उसके आसपास के क्षेत्रों में उत्पन्न की गई हिंसक स्थिति किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की हिंसक गतिविधियां निंदनीय हैं और इससे मेघालय तथा अन्य राज्यों के बीच संबंधों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। मेधी ने कल की हिंसक घटनाओं में शामिल प्रत्येक दोषी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि कभी अविभाजित असम की राजधानी रही शिलांग और वर्तमान मेघालय भौगोलिक रूप से भले ही एक अलग राज्य है, लेकिन असम के लोग आज भी मानसिक और भावनात्मक रूप से मेघालय के साथ एकात्मता महसूस करते हैं। इस प्रकार की हिंसक घटनाएं दोनों पड़ोसी राज्यों के बीच वर्षों से चली आ रही आपसी सद्भावना और संबंधों को प्रभावित करने की आशंका पैदा करती है। उन्होंने कहा कि एक ओर जहां असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा दोनों राज्यों के बीच लंबे समय से चले आ रहे सीमा विवाद सहित विभिन्न मुद्दों के समाधान के लिए संवेदनशीलता के साथ लगातार कदम उठा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर मेघालय में उपद्रवियों द्वारा असम के पर्यटकों और टैक्सी चालकों पर किए गए हमलों से असम की जनता में नकारात्मक भावना उत्पन्न होने की आशंका है।
प्रवक्ता कमल कुमार मेधी ने कहा कि मेघालय सरकार, राज्य के जागरूक नागरिकों तथा विभिन्न राजनीतिक दलों और संगठनों को ऐसी आशंकाओं को दूर करने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए। कल की घटना को लेकर आज असम के वाहन चालकों द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन के प्रति सहानुभूति व्यक्त करते हुए प्रदेश भाजपा प्रवक्ता ने चालकों से अपील की कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति असम में न हो और वे संयम बनाए रखें।
उन्होंने कहा कि इससे पहले भी असम के वाहनों पर मेघालय के उपद्रवियों द्वारा हमले किए जाने की शिकायतें असम के वाहन चालकों द्वारा उठाई जाती रही हैं। बार-बार शिकायत किए जाने के बावजूद मेघालय पुलिस द्वारा उचित कार्रवाई नहीं किए जाने का मुद्दा आज के विरोध प्रदर्शन के माध्यम से वाहन चालकों ने उठाया है। प्रदेश भाजपा ने मेघालय सरकार से इस विषय को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।
प्रवक्ता मेधी ने कहा कि मेघालय आने वाले पर्यटकों को आवश्यक सुरक्षा प्रदान करने में विफलता राज्य के पर्यटन उद्योग के लिए भी एक नकारात्मक संदेश है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मेघालय सरकार के साथ-साथ असम सरकार को भी तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

