home page

एंबुलेंस में मरीज की जगह मिले तस्करी के मवेशी, तीन गाय बरामद

 | 

धुबड़ी (असम), 22 सितम्बर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल से असम के गौरीपुर की ओर जा रही एक एंबुलेंस से तस्करी कर ले जाए जा रहे तीन मवेशियों को आगमोनी पुलिस ने बरामद किया। पुलिस ने सोमवार देर रात अभियान चलाकर एंबुलेंस को रतियादह ट्रैफिक प्वाइंट के पास रोककर तलाशी ली।

जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस पश्चिम बंगाल से आगमोनी के खेरबाड़ी होते हुए गौरीपुर की ओर जा रही थी। खेरबाड़ी चतुर्थ खंड गांव के पास पुलिस ने संदिग्ध एंबुलेंस का पीछा किया और रतियादह ट्रैफिक प्वाइंट के समीप उसे रोकने में सफलता हासिल की।

इसके बाद पुलिस ने एंबुलेंस की तलाशी ली, जिसमें मरीज के बजाय तीन मवेशी पाए गए। पुलिस ने तीनों मवेशियों को बरामद कर एंबुलेंस को भी जब्त कर लिया। जब्त एंबुलेंस का पंजीकरण नंबर एमएल-13ए-7086 बताया गया है।

पुलिस के अनुसार, अंधेरे का फायदा उठाकर एंबुलेंस चालक मौके से फरार हो गया। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा