home page

इटानगर बंद के दौरान प्रदर्शनकारियों के हमले में पुलिस अधिकारी गंभीर रूप से घायल

 | 

इटानगर, 16 मई (हि.स.)। अरूणाचल प्रदेश की राजधानी क्षेत्र इटानगर में 36 घंटे के बंद के दौरान हुई अशांति में कथित पत्थरबाजी में एक पुलिस अधिकारी की आंख में गंभीर चोट आई है।

अधिकारी की पहचान सब-इंस्पेक्टर तमो बखांग के रूप में हुई है। वे इटानगर के 6 किलो के पास एक विरोध स्थल की ओर जा रहे थे, तभी अज्ञात उपद्रवियों ने उनकी गाड़ी पर पत्थर फेंके, जिससे गाड़ी का शीशा टूट गया आखों में घुस गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया है कि टूटे हुए शीशे से उनकी आंखों में गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए निबा अस्पताल ले जाया गया और फिर टोमो रिबा इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ एंड मेडिकल साइंसेज (टीआरआईएचएमएस) में रेफर कर दिया गया।

सूत्रों के अनुसार, डॉक्टरों ने बताया कि उनकी आंखों में लगे तेज कांच के घावों के कारण उनकी दृष्टि स्थायी या आंशिक रूप से जा सकती है। उन्हें आगे के उपचार के लिए दिल्ली रेफर कर दिया गया है।

उनकी एक आंख की पुतली फट गई है और वे इलाज के लिए दिल्ली जा रहे हैं। बखांग को 2025 में होलोंगी में कथित ड्रग्स तस्कर रोहित बसुमतारी से हुई मुठभेड़ में उनकी भूमिका के लिए व्यापक पहचान मिली थी, जहां उनके कार्यों को व्यापक रूप से वीरतापूर्ण कार्य के रूप में सराहा गया था।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बखांग के अलावा शुक्रवार के विरोध प्रदर्शन के दौरान एक दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए थे।

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी