पुलिस अधिकारी ने की आत्महत्या
गुवाहाटी, 5 अप्रैल (हि.स.)। गुवाहाटी के पानीखाइती इलाके में स्थित होमगार्ड ट्रेनिंग सेंटर में एक पुलिस अधिकारी द्वारा अपने सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मार कर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है।
पानीखाइती पुलिस चौकी के अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि पानीखाइती होमगार्ड ट्रेनिंग सेंटर में अपने सर्विस रिवॉल्वर से एक पुलिस अधिकारी ने खुद को गोली मार ली, जिसके चलते उसकी मौत हो गयी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रेनिंग सेंटर के आवासीय कमरे के भीतर से उत्तर बरुवा नामक पुलिस अधिकारी का शव बरामद किया।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल भेज दिया। पुलिस अधिकारी द्वारा पारिवारिक कलह के चलते आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। इस संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / असरार अंसारी

