मोइराबाड़ी में फर्जी सिम कार्ड नेटवर्क के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई
नगांव (असम), 28 अगस्त (हि.स.)। मोइराबाड़ी में फर्जी सिम कार्ड और साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस ने अभियान चलाकर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। लाहरीघाट अनुमंडल पुलिस और मोइराबाड़ी पुलिस की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान के दौरान मोइराबाड़ी बाजार स्थित सूमो स्टैंड के पास एक दुकान से आरोपित को पकड़ा।
पुलिस ने दुकान से विभिन्न कंपनियों के करीब 2,500 सिम कार्ड, आठ मोबाइल फोन, दो स्कैनर मशीन, एक फिंगरप्रिंट मशीन और 12 हजार रुपये नकद बरामद किए।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, गिरफ्तार व्यक्ति कथित तौर पर अवैध रूप से सक्रिय किए गए सिम कार्ड का इस्तेमाल ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी और अन्य साइबर अपराधों के लिए करता था। पुलिस मामले की जांच जारी रखते हुए फर्जी सिम कार्ड आपूर्ति नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

